*बाड़ेबंदी से बाहर बिंदल का भाजपा के पक्ष में मतदान का ऐलान*
– नाराजगी के बाद मान-मनुहार का दौर खत्म, समर्थकों के साथ पूजा-अर्चना कर पहुंचेंगे पालिका कार्यालय
शिवगंज। नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर भाजपा के सामने खड़ा संकट अब टलता नजर आ रहा है। बाड़ेबंदी से बाहर आए वार्ड संख्या 12 के पार्षद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दिनेश बिंदल ने सोमवार को भाजपा के पक्ष में मतदान करने का ऐलान किया है। बिंदल के इस निर्णय के बाद पालिका में भाजपा का बोर्ड बनने की राह आसान होने के संकेत मिले हैं।
गौरतलब है कि बिंदल नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल थे। पालिका चुनाव में भाजपा को 18 सीटें मिलने के बाद उनके अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा थी। हालांकि, पार्टी ने कुंदनमल अग्रवाल को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। इससे नाराज बिंदल भाजपा की बाड़ेबंदी से बाहर हो गए थे। इसके बाद पार्टी स्तर पर उन्हें मनाने के प्रयास शुरू किए गए।
शनिवार को बिंदल की सीएमओ से बातचीत हुई। इसके बाद करीब दो घंटे तक राज्यमंत्री ओटाराम देवासी के साथ हुई वार्ता को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन मुलाकातों के बाद बिंदल की नाराजगी दूर होने के संकेत मिलने लगे थे।
रविवार को बिंदल ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए अपना रुख स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि सोमवार को वे अपने समर्थकों के साथ केरलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद पालिका कार्यालय पहुंचकर भाजपा के पक्ष में मतदान कर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने में सहयोग करेंगे। बिंदल के इस ऐलान के बाद भाजपा खेमे में राहत की स्थिति है।







