कचरा वाहन में वापस भेजा फर्नीचर, बालिकाओं ने जताया रोष
चुनाव के बाद विद्यालय लौटाया गया फर्नीचर; धुलाई के बाद ही बैठने को तैयार हुई छात्राएं
शिक्षक नेता गोपाल सिंह राव ने जिला प्रशासन से उचित परिवहन व क्षतिग्रस्त फर्नीचर की मरम्मत की मांग की
सिरोही – नगर परिषद सिरोही चुनाव के दौरान पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरोही से उपयोग के लिए लिया गया फर्नीचर चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद विद्यालय में वापस भेजा गया। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, फर्नीचर को कचरा वाहन में रखकर विद्यालय पहुंचाया गया, जिसे देखकर बालिकाओं ने रोष जताया और उस पर बैठने से इनकार कर दिया।वरिष्ठ शिक्षक नेता गोपाल सिंह राव पोसालिया ने बताया कि नगर परिषद के पास ट्रैक्टर सहित अन्य संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद विद्यालय का फर्नीचर कचरा वाहन में भेजा गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का फर्नीचर बालिकाओं के नियमित अध्ययन एवं भोजन के उपयोग में आता है। ऐसे में उसे कचरा वाहन के माध्यम से भेजना स्वच्छता की दृष्टि से उचित नहीं है।बालिकाओं ने कहा कि वे इसी फर्नीचर पर बैठकर अध्ययन करती हैं तथा भोजन भी करती हैं। कचरा वाहन में लाए जाने के कारण फर्नीचर पर गंदगी लगने से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी की आशंका हो सकती है। बालिकाओं के विरोध को देखते हुए विद्यालय में फर्नीचर की धुलाई एवं सफाई करवाई गई। इसके बाद ही छात्राओं ने उस पर बैठने की सहमति जताई।राव ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री स्वच्छता अभियान को लेकर लगातार गंभीरता से कार्य कर रहे हैं, वहीं सरकारी संस्थानों से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों को भी स्वच्छता के प्रति संवेदनशीलता बरतनी चाहिए। विद्यालय में उपयोग होने वाले फर्नीचर को कचरा वाहन में भेजना स्वच्छता के संदेश के विपरीत है।उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि भविष्य में विद्यालयों से लिया गया फर्नीचर वापस भेजते समय उचित एवं स्वच्छ वाहन का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, चुनाव के दौरान उपयोग के बाद कुछ फर्नीचर क्षतिग्रस्त हुआ है, उसकी भी जांच करवाकर आवश्यक मरम्मत कराई जाए, ताकि बालिकाओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में अध्ययन की सुविधा मिल सके।







