शाला दर्पण पर प्रपत्र-10 भरने की तिथि 15 अगस्त तक बढ़ाने की मांग, शिक्षक संघ ने भेजा ज्ञापन
पोर्टल की धीमी गति और सीमित समय के कारण शिक्षक समय पर सूचना अपलोड नहीं कर पा रहे
शिवगंज। राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) ने राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्कूल शिक्षा) राजेश यादव एवं शिक्षा निदेशक सीताराम जाट को ज्ञापन भेजकर शाला दर्पण पोर्टल पर प्रपत्र-10 भरने की अंतिम तिथि 20 जुलाई से बढ़ाकर 15 अगस्त तक करने की मांग की है।
संघ के प्रदेश मुख्य महामंत्री धर्मेन्द्र गहलोत ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष सभी शिक्षकों से अनिवार्य रूप से प्रपत्र-10 भरवाया जाता है, जिसमें प्रत्येक शिक्षक की सेवा से संबंधित संपूर्ण विवरण एवं रिकॉर्ड दर्ज किया जाता है। यह प्रक्रिया शिक्षा विभाग के सभी संवर्गों के कार्मिकों के लिए अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि पहले इसकी अंतिम तिथि 10 जुलाई निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 20 जुलाई किया गया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में शिक्षक प्रपत्र-10 भरने से वंचित हैं। इसका मुख्य कारण शाला दर्पण पोर्टल की धीमी कार्यप्रणाली तथा सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक ऑनलाइन प्रपत्र नहीं भरने की व्यवस्था है, जिससे राज्यभर के सैकड़ों शिक्षकों को समय पर जानकारी अपलोड करने में परेशानी हो रही है।
संघ ने मांग की है कि शाला दर्पण पोर्टल को तकनीकी रूप से अपग्रेड कर पूरे दिन प्रपत्र भरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा अंतिम तिथि 15 अगस्त तक बढ़ाई जाए, ताकि सभी शिक्षक बिना किसी तकनीकी बाधा के अपना विवरण समय पर दर्ज कर सकें।







