विश्व आदिवासी दिवस पर निकली भव्य रैली, गूंजे आदिवासी वीरों के जयघोष

SHARE:

विश्व आदिवासी दिवस पर निकली भव्य रैली, गूंजे आदिवासी वीरों के जयघोष

पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना,

कांति सर्कल पर 1857 के आदिवासी शहीदों की स्मृति में हुआ ध्वजारोहण

शिवगंज। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को मारवाड़ मीणा समाज एवं आदिवासी समाज के संयुक्त तत्वावधान में शिवगंज में भव्य आदिवासी रैली निकाली गई। श्री गौतम ऋषि सभा भवन एवं शहीद बाबूलालजी मीणा स्मारक से पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली रवाना होने से पूर्व पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने शहीद बाबूलालजी मीणा की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा रैली में शामिल आदिवासी समाज के लोगों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने क्रांतिकारी आदिवासी वीरों को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके सम्मान में जयघोष भी करवाया।

सैकड़ों लोगों ने लिया रैली में हिस्सा

रैली संयोजक एवं आदिवासी टाइगर छगन मीणा पिंडवाड़ा तथा मारवाड़ मीणा समाज के प्रवक्ता गणेश प्रताप मीणा छावणी के नेतृत्व में सैकड़ों लोग रैली में शामिल हुए। रैली कॉलेज रोड, आर्य समाज चौराहा, पोस्ट ऑफिस रोड होते हुए नए बस स्टैंड पहुंची। यहां संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर ‘जय भीम’ के नारे लगाए गए।
इसके बाद रैली पुलिस थाने के सामने से होते हुए बड़ा मेणवाड़ा पहुंची। यहां रैली संयोजक छगन मीणा पिंडवाड़ा तथा मारवाड़ मीणा समाज के संभागीय सचिव एवं युवा पार्षद प्रकाश राज मीणा का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने 1857 की क्रांति में मीणा सैनिकों एवं आदिवासी वीरों के बलिदान का उल्लेख किया। इस दौरान भूरिया बाबा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
रैली छावणी मीणावास, हनुमान चौक एवं वाल्मीकि बस्ती होते हुए सुमेरपुर के लिए रवाना हुई। रैली मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों की ओर से शीतल पेयजल, चाय एवं नाश्ते की व्यवस्था की गई।
आदिवासी वेशभूषा और डीजे की धुन रही आकर्षण का केंद्र
रैली में आदिवासी समाज के लोगों की पारंपरिक वेशभूषा और डीजे की मधुर धुन पर थिरकते कदम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। सुमेरपुर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के बाद रैली पुनः शिवगंज के कांति सर्कल पहुंची।
यहां 1857 की क्रांति में शहीद हुए आदिवासी वीर योद्धाओं की स्मृति में ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम में मारवाड़ मीणा समाज एवं आदिवासी समाज के सैकड़ों पुरुष और महिलाएं उपस्थित रहे।
आदिवासी समाज के हकों के लिए संघर्ष का ऐलान
रैली संयोजक छगन मीणा पिंडवाड़ा ने संबोधित करते हुए कहा कि सिरोही, पाली और जालोर जिलों के कई गांवों में आज भी आदिवासी समुदाय के लोगों की मालिकाना हक वाली जमीनों पर अन्य लोगों द्वारा कब्जा किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की जमीनों पर किए गए कब्जे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे तथा ऐसी जमीनों को मुक्त करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने आदिवासी समाज के लोगों के साथ आए दिन होने वाली अन्याय, उत्पीड़न एवं अत्याचार की घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अब आदिवासी समाज शिक्षित और जागरूक हो चुका है और किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया।
आदिवासियों के हकों को लेकर सौंपा ज्ञापन
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज के उत्थान एवं विकास की विभिन्न मांगों को लेकर महामहिम राष्ट्रपति एवं मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
रैली संयोजक छगन मीणा पिंडवाड़ा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से सिरोही, पाली एवं जालोर जिलों में सरकारी नौकरियों में जिलेवार भर्ती प्रक्रिया अपनाने की मांग की गई, ताकि स्थानीय आदिवासी युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
इसके साथ ही आदिवासी समाज के लिए धर्म कोड लागू करने, सिरोही, पाली एवं जालोर जिलों के पिछड़े आदिवासी क्षेत्रों को टीएसपी/डीटीएसए (रेगिस्तानी जनजाति विशेष क्षेत्र) में शामिल करने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में 1857 की क्रांति में शहीद हुए आदिवासी वीर योद्धाओं की स्मृति में कांति सर्कल का स्थायी नामकरण, वहां शहीद स्मारक का निर्माण करवाकर वीर योद्धाओं की प्रतिमाएं स्थापित करने तथा आदिवासी समाज के राजकीय कर्मचारियों के दूर-दराज किए गए स्थानांतरण निरस्त कर उन्हें गृह जिलों में पदस्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
विश्व आदिवासी दिवस पर निकली इस रैली के माध्यम से आदिवासी समाज ने एकता, अधिकार, सम्मान और अपने ऐतिहासिक योगदान को पहचान दिलाने का संदेश दिया।
trfgcvkj.blkjhgfd
0
Default choosing

Did you like our plugin?

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

राज्य

शहर चुनें