16 अगस्त को शिवगंज से निकलेगी 12वीं भव्य कांवड़ यात्रा, गोपेश्वर महादेव का होगा जलाभिषक
सुंदर कांवड़ लाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगा पुरस्कार, भोजन प्रसादी की भी रहेगी व्यवस्था
शिवगंज। सनातन धर्म महिला सेवा समिति शिवगंज-सुमेरपुर की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 12वीं पैदल कांवड़ यात्रा का आयोजन 16 अगस्त, रविवार को किया जाएगा। यात्रा महामंडलेश्वर श्री अयोध्यादास जी महाराज के सान्निध्य में श्री गोपालजी मंदिर शिवगंज से गोपेश्वर महादेव बड़गांव तक निकाली जाएगी।
समिति की सचिव हस्तु खंडेलवाल ने बताया कि गोपेश्वर महादेव मंदिर में 9 अगस्त से 15 अगस्त तक महामंडलेश्वर श्री अयोध्यादास जी महाराज के मुखारविंद से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के समापन के अगले दिन 16 अगस्त को प्रातः 7 बजे श्री गोपालजी मंदिर शिवगंज में आरती के बाद कांवड़ यात्रा गाजे-बाजे के साथ रवाना होगी। यात्रा बड़गांव होते हुए गोपेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
सुंदर कांवड़ पर मिलेंगे पुरस्कार समिति की ओर से कांवड़ यात्रा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सुंदर कांवड़ प्रतियोगिता भी रखी गई है। अपने घर से सुंदर कांवड़ तैयार कर यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को प्रथम पुरस्कार 2100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 700 रुपये प्रदान किए जाएंगे।
समिति की अध्यक्ष ऊषा अग्रवाल ने बताया कि जो भाई-बहन अपने घर से कांवड़ तैयार कर नहीं ला सकते, वे समिति के पास पहले अपना नाम लिखवा सकते हैं। ऐसे श्रद्धालुओं को समिति की ओर से कांवड़ उपलब्ध करवाई जाएगी, जिसे यात्रा के बाद समिति को वापस जमा करवाना होगा।
समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होकर भगवान गोपेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने की अपील की है। यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की भी व्यवस्था रहेगी।
समिति ने सभी शिवभक्तों से परिवार सहित कांवड़ यात्रा में भाग लेकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।








